वैशाली की बिहारी मार्किट में नगर निगम का बुलडोजर, अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई

गाजियाबाद। वैशाली स्थित नगर निगम की बिहारी मार्किट में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया। नगर निगम को आईजीआरएस के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, वहीं कुछ लोगों ने फोन के जरिए भी अवैध कब्जों की जानकारी दी थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संपत्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित जोन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग और साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने दुकानों को आवास में बदलकर परिवार सहित रहना शुरू कर दिया है। इस पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे लोगों को दो दिन के भीतर स्वयं दुकानें खाली करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के बाद निगम द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी पाया गया कि जिन लोगों को पहले अस्थायी ठिये आवंटित किए गए थे, उन्होंने समय के साथ उन्हें पक्की दुकानों में तब्दील कर लिया और मनमाने ढंग से उपयोग कर रहे हैं। नगर निगम अब ऐसे मामलों पर सख्ती से अंकुश लगाने की तैयारी में है। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम की अन्य संपत्तियों पर भी इसी तरह की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिन पर क्रमवार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों का उपयोग आवासीय रूप में करने वालों को हर हाल में नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा दुकानों को खाली कराकर नए सिरे से किराये पर आवंटित किया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य अवैध कब्जाधारियों में भी सख्ती का संदेश गया है।



