राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना ने संकल्प दौड़ एवं मोटीवेशनल टॉक का आयोजन

मोदीनगर,( अनिल वशिष्ठ)। मुल्तानीमल मोदी कॉलेज, मोदीनगर में स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर (राष्ट्रीय युवा दिवस) एक स्वदेशी संकल्प दौड़ एवं मोटीवेशनल टॉक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर–रेंजर्स तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात महाविद्यालय प्रांगण से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर दो किलोमीटर की स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। दौड़ के उपरांत स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा उनके विचारों एवं आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए गए। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वसुधा शर्मा ने इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्श जीवन निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन शारीरिक शिक्षा विभाग प्रभारी सौरभ पाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रोवर–रेंजर्स एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रम अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यक्रम अनुशासित, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



