यूपी बोर्ड परीक्षा में अब एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड भी अनिवार्य
गाजियाबाद। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए इस वर्ष सख्त व्यवस्था लागू की गई है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को अब एडमिट कार्ड के साथ-साथ आधार कार्ड भी अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र पर लाना होगा। बिना आधार कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यह कदम फर्जी परीक्षार्थियों पर रोक लगाने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बोर्ड की ओर से बनाए गए नए नियमों के तहत आधार कार्ड को छात्रों की अपार आईडी से लिंक किया जाएगा। इससे परीक्षा केंद्र पर छात्र की पहचान का त्वरित और सटीक सत्यापन संभव हो सकेगा। अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से किसी भी प्रकार की पहचान संबंधी गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की संभावना समाप्त हो जाएगी और नकल पर प्रभावी अंकुश लगेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने छात्रों को परीक्षा से जुड़े सभी नियमों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी दें, ताकि किसी भी छात्र को अनजाने में हुई गलती के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े। उन्होंने छात्रों से भी अपील की है कि वे बोर्ड के नियमों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा से संबंधित सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। परीक्षा केंद्रों पर हर गतिविधि की निगरानी के लिए जिला स्तर पर छह सचल दल गठित किए गए हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगी। परीक्षा कक्षों के भीतर कक्ष निरीक्षक छात्रों पर नजर रखेंगे, जबकि बाहर सुरक्षा कर्मियों और अन्य अधिकारियों की तैनाती रहेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और इन्हें शीघ्र ही कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, ताकि पल-पल की निगरानी की जा सके। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट को मिलाकर 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 14,550 छात्र और 13,920 छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट में 12,351 छात्र और 12,328 छात्राएं परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 फरवरी से 9 फरवरी के बीच आयोजित की जाएंगी। वर्तमान में स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, जो 24 जनवरी तक पूरी होंगी। ऐसे में छात्रों के पास अब तैयारी के लिए सीमित समय बचा है और बोर्ड प्रशासन ने उन्हें पूरी गंभीरता से परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दी है।



