मुख्यमंत्री नायब सैनी 22 दिसंबर को उकलाना मंडी में करेंगे जनसभा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी 22 दिसंबर को दोपहर 01 बजे उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में आयोजित एक भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास के लिए अनेक योजनाओं की घोषणा करेंगे।
हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन व वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह है। उकलाना हल्के के विकास के लिए यह दौरा ऐतिहासिक साबित होगा।
मुख्यमंत्री की जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उकलाना हल्के के सभी गांवों के ग्रामीणों को न्योता दिया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी।
श्रीनिवास गोयल ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह रैली क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की उकलाना रैली की तैयारियों को लेकर 12 दिसम्बर को सुबह 10 बजे किसान विश्राम उकलाना में उकलाना मंडल के कार्यकर्ताओं की, दोपहर 12 बजे गांव गैबीपुर में खरक मतलौडा मंडल के कार्यकर्ताओं तथा दोपहर बाद 2 बजे अग्रोहा में अग्रोहा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए डयूटियां लगाई जाएंगी।
श्रीनिवास गोयल ने बताया कि उसके बाद उकलाना हल्के के सभी गांवों के दौरे किये जायेंगे और लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में रैली में पहुंचने का न्यौता देंगे।
श्रीनिवास गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा ने प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाई है और सबका साथ सबका विकास के नीति पर भाजपा सरकार आगे बढ़ते हुए प्रदेश का विकास करवा रही है। उन्होंने कहा कि जनहित में भाजपा सरकार द्वारा अनेक बड़ी योजनाएं बनाकर लागू की गई ताकि प्रदेश का ज्यादा से ज्यादा विकास करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना पर्ची बिना खर्चे के प्रदेश के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां देने का काम किया है। जिससे समाज के सभी वर्गों में खुशी का माहौल है।