शहर-राज्य

माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ: सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित होंगी बेटियां

असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। जनपद के माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय में बुधवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को टीका लगाकर उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करना है।
अभियान की शुरुआत चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर राजेश मोहन द्वारा की गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. झा, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद नौशाद आलम और जिला इम्यूनाइजेशन अधिकारी सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
विशेषज्ञों ने कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी कि एचपीवी वायरस ही सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारक है। समय पर लगाया गया यह टीका इस गंभीर बीमारी की रोकथाम में सबसे प्रभावी हथियार है। यह पूरा टीकाकरण कार्यक्रम महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण कराकर उन्हें इस स्वास्थ्य सुरक्षा कवच का लाभ दिलाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button