ग़ाज़ियाबाद

भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई की तैयारी, अवैध कब्जों के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान के निर्देश

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनसुनवाई करते हुए आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे प्रार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस दौरान राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य, निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र और शिकायतें प्राप्त हुईं। जनसुनवाई और आईजीआरएस के माध्यम से लोनी क्षेत्र में अवैध भूमि कब्जों से संबंधित शिकायतें लगातार संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से दूरभाष पर वार्ता कर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कमेटी गठित करने का अनुरोध किया, जिस पर पुलिस कमिश्नर ने सहमति प्रदान की। गठित की जा रही कमेटी में एडीएम (एल/ए), एसडीएम लोनी, एसीपी लोनी, एसीपी अंकुर विहार एवं एसीपी वेवसिटी को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में लोनी क्षेत्र में भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले अथवा ऐसे कृत्यों में सहयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जेल भेजने तक की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन की टीम मिलकर अवैध कब्जों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण करेगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि से संबंधित मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विरासत के आधार पर आवेदित शस्त्र लाइसेंस मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। जिन आवेदनों में पुलिस एवं तहसील स्तर की जांच आख्या प्राप्त हो चुकी है और सभी औपचारिकताएं पूर्ण हैं, उन्हें स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विरासत आधारित शस्त्र लाइसेंस से संबंधित आवेदक किसी भी कार्यदिवस में शस्त्र अनुभाग, कलेक्ट्रेट गाजियाबाद में संपर्क कर सकते हैं। जनसुनवाई के दौरान एडीएम सिटी, एडीएम एफ/आर, एडीएम ई, एडीएम जे तथा जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button