जर्जर विद्युत पोल से हादसे का भयंकर खतरा, सड़क किनारे शिफ्ट करने की मांग

इटवा/सिद्धार्थनगर।
इटवा तहसील अंतर्गत ग्राम रसूलपुर में जर्जर हो चुका विद्युत पोल कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की हवा के झोंके से भी पोल गिर सकता है। पोल गिरने की स्थिति में एक ओर जहां पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाएगी, वहीं दूसरी ओर खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही, अप्रैल-मई के मौसम में आग लगने की संभावना भी बनी रहती है।
नव युवक ग्राम विकास समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी राम वृक्ष गुप्ता ने इस गंभीर समस्या को लेकर विधायक, सांसद, जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि सिद्धार्थनगर जनपद में जहां-जहां किसानों के खेतों में विद्युत पोल लगे हैं, उन्हें वहां से हटाकर सड़क किनारे स्थापित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि खेतों में लगे पोल और तारों से किसानों को खेती के दौरान भारी परेशानी होती है, साथ ही किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में राहगीरों और ग्रामीणों के लिए खतरा बना रहता है। यदि पोल और तार सड़क किनारे लगाए जाएं तो निगरानी आसान होगी और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दी जा सकेगी, जिससे संभावित हादसों को रोका जा सकेगा।
समाजसेवी राम वृक्ष गुप्ता ने रसूलपुर-सिवान मार्ग से पोल हटाकर सड़क किनारे लगाए जाने की मांग को जनहित में आवश्यक बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।



