जनपद न्यायालय परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित, 636 लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ

हापुड़,कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हापुड़ के तत्वावधान में आज जनपद न्यायालय परिसर में उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिला जज हनी गोयल (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष एस.सी./एस.टी.) द्वारा फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण कर किया गया।उद्घाटन अवसर पर यज्ञेश चन्द पाण्डेय (अपर जिला जज द्वितीय), मिताली गोविंद राव (अपर जिला जज एफ.टी.सी प्रथम), विरेश चन्द्रा (अपर जिला जज एफ.टी.सी द्वितीय), सौरभ कुमार वर्मा (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), साधना गुप्ता (सिविल जज सी.डि. प्रथम) सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी—परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, उपायुक्त उद्योग, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला सेवायोजन अधिकारी, सहायक अभियंता जल निगम ग्रामीण, नोडल अधिकारी/जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सहित बार अध्यक्ष देवेन्द्र नवादा, सचिव रवि कुमार, अधिवक्तागण, न्यायिक व प्रशासनिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।प्रभारी जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हापुड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना एवं पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान राजमिस्त्री की टूल किट, निःशुल्क पॉपकॉर्न मशीन, महिलाओं को सिलाई मशीन तथा दिव्यांगजन लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों का विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कराया गया।उपायुक्त (स्वतः रोजगार) द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की 124 महिलाओं को 37,20,000 रुपये की आरएफ धनराशि तथा 192 महिला सदस्यों को 2,88,00,000 रुपये की सीआईएफ धनराशि के डेमो चेक वितरित किए गए।शिविर में कुल 636 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया, जबकि लगभग 1175 आमजन/लाभार्थियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी जिला जज श्री हनी गोयल ने मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु समस्त प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों, न्यायिक एवं प्रशासनिक कर्मचारियों तथा उपस्थित आमजन का आभार व्यक्त किया।उक्त सूचना जिला सूचना अधिकारी, हापुड़ को निःशुल्क प्रकाशन हेतु समस्त समाचार पत्रों में प्रेषित की गई है।




