चकबन्दी प्रक्रियाधीन ग्रामों में लगेगी ग्राम चौपाल, किसानों की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान
विजय द्विवेदी वेलकम इन्डिया
प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ में चकबन्दी कार्य को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न ग्रामों में ग्राम चौपाल आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी अरविन्द द्विवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि चकबन्दी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चकबन्दी प्रक्रिया से जुड़े गांवों में ग्राम चौपाल लगाकर किसानों से सीधे फीडबैक लिया जाएगा। चौपाल के माध्यम से खातेदारों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण कर किसानों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे किसानों का चकबन्दी योजना के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा और चकबन्दी प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में उप संचालक चकबन्दी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी तथा चकबन्दी अधिकारियों की अध्यक्षता में तिथिवार ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी। इसके तहत 17 मार्च को ग्राम प्रेमधरपट्टी, 18 मार्च को ग्राम मुत्तूपुर बोझी तथा 19 मार्च को ग्राम चन्दीपट्टी सिधारीपट्टी और ग्राम पूरेदुर्बन में चौपाल आयोजित होगी। इसी क्रम में 27 मार्च को ग्राम सरायगोविन्दराय और ग्राम मिश्रपुर में तथा 28 मार्च को ग्राम घूरीपुर, ग्राम उमरी और ग्राम गोगौर के प्राथमिक विद्यालयों में ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी, जहां किसान अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।



