गोवर्धन में महामहिम के आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

मथुरा/गोवर्धन। महामहिम के प्रस्तावित गोवर्धन आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुकुट मुखारबिंद मंदिर और मानसी गंगा मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंदिर रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने अधिकारियों को मंदिर की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मंदिर रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने बताया कि महामहिम के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।”



