कलेक्ट्रेट सभागार में किया हुआ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

मथुरा। महिला दिवस के अवसर पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विधायक बलदेव पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी सुश्री सुगंधा जैन, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सर्व प्रथम माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित महिला दिवस के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी ने देखा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की देश और समाज के विकास में अहम भूमिका है और सरकार लगातार महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए प्रयास कर रही है एवं इसके अच्छे परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बाल विकास विभाग की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभाग की महिलाएँ गाँव – गाँव में पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाती है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर पूजा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएँ घर और बाहर दोनों जगह की ज़िम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने शुभकामना दी महिलाएँ ऐसे ही हर क्षेत्र में तरक़्क़ी करें और आगे बढ़ें। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बुद्धि मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अन्य महिलाओं के सशक्तीकरण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पीड़ित या शोषित महिला की मदद के लिए सबसे पहले आगे आना चाहिए। प्रत्येक महिला को अपने परिवार की बालिकाओं को घर और कार्य क्षेत्र में संतुलन बनाकर रखने तथा महिला की गरिमा बनाए रखने के बारे अवश्य शिक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी – मथुरा ग्रामीण श्रीमती शशि मिश्रा और सुपरवाइज़र श्रीमति मनीषा कौशल तथा फरह परियोजना की सुपरवाइज़र – पूनम कुंतल को पोषण पुनर्वास केंद्र में सर्वाधिक बच्चे भर्ती कराने के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार विभाग में अच्छा कार्य करने वाली 4 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं श्रीमती प्रमिला ,आंगनवाड़ी केंद्र- सुभाष नगर ,शहर परियोजना श्रीमती मीना शर्मा -आंगनवाड़ी केंद्र -पलसों ,परियोजना गोवर्धन , श्रीमती मुंदरा देवी आंगनवाड़ी केंद्र – नगला काशी ,परियोजना ग्रामीण
श्रीमती जयश्री -आंगनवाड़ी केंद्र-बरसाना ,परियोजना नंदगांव को आज कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
इन सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने केंद्र के सभी लाभार्थियों का राशन का वितरण शत प्रतिशत एफआरएस (चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक) के माध्यम से किया जाता है।बाल विकास विभाग में नवचयनित 2 सुपरवाइज़र -श्रीमती विमल राज एवं सुश्री प्रवेश फौजदार को आज नियुक्ति पत्र भी प्रदान किये गए। अतिथियों ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइज़र, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सेवायोजन विभाग एवं प्रोबेशन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



